अज्ञात ने लगाई आग, लाखों का माल जलकर खाक, अर्जुनी मोरगांव तहसील के माहुरकुड़ा की घटना

0
117

गोंदिया. अर्जुनी मोरगांव तहसील के माहुरकुडा परिसर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहां एक किसान के खेत में किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी. जानकारी के अनुसार स्थानीय किसान रूपचंद शहारे के खेत में 23 मई की दोपहर के आसपास किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर आग लगा दी. इस आग में खेत की लकड़ी, सिंचाई के लिए इस्तेमाल की जाने वाली महंगी पाइप और सौर ऊर्जा आपूर्ति के तार पूरी तरह से जलकर खाक हो गए. इस घटना से किसान को लाखों रु. का नुकसान हुआ है और इलाके में आक्रोश का माहौल है.
आग से खेत में खड़ी घास, मेड़ पर झाड़ियां, लकड़ी के ढेर और सिंचाई के लिए बिछाए गए पाइप जलकर नष्ट हो गए. सोलर पंप के लिए लगे तार भी पिघल जाने से खेत में सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. गर्मी के मौसम में पहले से ही जल संकट से जूझ रहे किसानों के लिए यह घटना और गंभीर है. स्थानीय निवासियों के अनुसार, आग प्राकृतिक नहीं है और संदेह है कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई है. क्योंकि आग लगते ही तेजी से पूरे खेत में फैल गई. समय रहते आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था. सौभाग्य से कोई जनहानी नहीं हुई. लेकिन वित्तीय प्रभाव बहुत बड़ा रहा है. पीड़ित किसान रूपचंद शहारे ने प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की है. उन्होंने यह भी मांग की है कि आग लगाने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने रोष में कहा, किसानों की जान पहले से ही खतरे में है, अगर कोई जानबूझकर इस तरह नुकसान पहुंचा रहा है तो यह बहुत गंभीर है. इधर इस घटना से इलाके के किसानों में भय का माहौल बन गया है और नागरिक प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए. अपेक्षा है कि स्थानीय प्रशासन व राजस्व विभाग तत्काल मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण कर पीड़ित किसान को न्याय दिलाए.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here