गोंदिया. नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है. सभी विभाग प्रमुख आचार संहिता का कड़ाई से पालन करें और किसी भी तरह के उल्लंघन की स्थिति न बने, यह सुनिश्चित करें. यह निर्देश जिलाधिकारी मंदार पत्की ने दिए.
आचार संहिता के संबंध में जिलाधिकारी कार्यालय में सभी कार्यालय प्रमुखों की बैठक हुई. इस दौरान पत्की ने चुनाव अवधि में प्रशासनिक कामकाज को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए तथा सभी विभाग अपने कार्यालयीन कामकाज पर आवश्यक नियंत्रण रखें. स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी को मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा जिलाधिकारी मंदार पत्की को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है. चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी. नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर है. मतदान 23 अक्टूबर को तथा मतगणना 27 अक्टूबर को होगी. पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी. पत्की ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी कराने के लिए सभी विभाग प्रमुख अपने-अपने स्तर पर आवश्यक सावधानी बरतें और आदर्श आचार संहिता का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें.



