खेत में लगी आग से सोलर कृषि पंप जलकर खाक, पाइप समेत मोटर बोरवेल में गिरी

0
102

गोंदिया. अर्जुनी मोरगांव तहसील के बोडगांवदेवी क्षेत्र के खेत में मक्के के अवशेष जलाने के लिए लगाई गई आग के कारण एक किसान का सौर कृषि पंप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस घटना में सोलर पंप का बिजली तार पुरी तरह जलकर खाक हो गए. साथ ही पानी का पाइप जलने से पाइप सहित मोटर सीधे बोरवेल में गिर गई, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोडगांवदेवी के किसान सुनंदा गजानन बोरकर के खेत के पास किसी अज्ञात किसान ने मक्के के अवशेष को जलाने के लिए आग लगा दी थी. आग तेजी से फैलने के कारण इसकी लपटें बोरकर के खेत में लगे सोलर कृषि पंप तक पहुंच गईं. आग की तीव्रता के कारण सोलर पंप के बिजली के तार, वायरिंग व अन्य सामग्री जल गई. साथ ही पानी का पाइप पूरी तरह जल जाने से उसमें लगी मोटर भी बोरवेल में गिर गई. इस घटना से खेत की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह से बंद हो गई है और खड़ी फसल को पानी देने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. संबंधित किसान आर्थिक संकट में है, क्योंकि सोलर पंप की मरम्मत और बोरवेल में पड़ी मोटर को निकालने में काफी खर्च आएगा. घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के किसान व नागरिक मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया. पीड़ित किसान ने नुकसान की भरपाई की मांग की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here