गोंदिया जिले में उष्माघात का पहला शिकार?, देवलगांव में खेत मजदूर की मौत

0
78

गोंदिया. जिले का तापमान 44.9 डिग्री हो गया है और बढ़ते तापमान के साथ शरीर जलने लगा है. लू के थपेड़ों के कारण दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. इस बीच, गुरुवार, 21 मई को अर्जुनी मोरगांव तहसील के देवलगांव में एक खेत मजदूर की उष्माघात से मौत होने की आशंका जताई गई है. मृतक का नाम देवलगांव निवासी विनोद विश्वनाथ राऊत (38) बताया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार विनोद राऊत दैनिक खेती-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था. फिलहाल रबी सीजन की धान की फसल की कटाई-चुराई का काम चल रहा था, जिसके चलते गुरुवार की सुबह वह एक किसान के यहां काम करने गया था. दोपहर के करीब, तेज धूप में काम करते समय अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई, इसलिए वह घर जाने के लिए निकल पड़ा. लेकिन गांव के पास पहुंचते ही वह सड़क के किनारे गिर पड़ा. क्योंकि परिसर में ज्यादा यातायात नहीं था इसलिए शुरुआत में किसी का ध्यान इस बात पर नहीं गया. वह काफी देर तक धूप में पड़ा रहा. इसी बीच जैसे ही देवलगांव आश्रम स्कूल की अधीक्षक वैशाली जांभुलकर ने विनोद राऊत को सड़क किनारे पड़ा देखा तो उन्होंने ग्रामीणों की मदद से राऊत को इलाज के लिए नवेगांवबांध ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया. लेकिन चिकित्सा अधिकारियों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. विनोद राऊत की मौत उष्माघात से होने की आशंका ग्रामीण अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डा. महेश लोथे ने जताई. जिले का तापमान लगातार बढ़ रहा है और बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. इसलिए प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here