गोंदिया. सड़क अर्जुनी तहसील कार्यालय में गांधी जयंती के बंदोबस्त की ड्यूटी पूरी कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे डुग्गीपार थाने के पुलिस कर्मचारी ताराचंद दामाजी माहुरे (57) की सड़क हादसे में मौत हो गई. सड़क अर्जुनी-सौंदड़ मार्ग पर तिडका फाटे के पास एक ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल माहुरे ने नागपुर ले जाते समय दम तोड़ दिया.
जानकारी के अनुसार, ताराचंद माहुरे 2 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्र. एमएच 36 – वी 8023 से सड़क अर्जुनी से सौंदड़ की ओर जा रहे थे. चुलबंद नदी पुल के पहले तिडका फाटे के पास नागपुर की ओर जा रहे ट्रक क्र. एमएच 49 – सीडब्ल्यू 1937 ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि माहुरे मोटरसाइकिल समेत सड़क किनारे लगे रेलिंग से जा टकराए. उनके सिर में गंभीर चोट लगी. मुंह और कान से रक्तस्राव होने के कारण उन्हें तत्काल भंडारा के लक्ष अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आगे के उपचार के लिए नागपुर रेफर किया. नागपुर ले जाते समय रात करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही डुग्गीपार थाने के प्रभारी अधिकारी कमलेश सोनटक्के पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और चालक को हिरासत में लिया है. मामले की जांच जारी है. ठाणेदार कमलेश सोनटक्के के मार्गदर्शन में पीएसआई राहुल सोनवने, हवलदार दीपक खोटेले, घनश्याम उईके, सुमेध वालदे सहित पुलिसकर्मी जांच कर रहे हैं.



