ट्रैवल्स-बस का भीषण हादसा, एक की मौत, दस घायल, गोरेगांव के जानाटोला क्षेत्र का हादसा

0
306

गोंदिया. गोंदिया-कोहमारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोरेगांव के समीप जानाटोला क्षेत्र में मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सड़क के बीचों-बीच रातभर से पलटे पड़े ट्रक से टकराने के बाद एक तेज रफ्तार ट्रैवल्स वाहन सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दस यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान फुलेल सनंनलाल खिरवार (30 वर्ष), निवासी आमगांव, तहसील सालेवारा, जिला खैरागढ़ (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह ट्रैवल्स में गहरी नींद में सो रहा था। दुर्घटना के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धान का कोंडा (कुकूस) लेकर कोहमारा से गोंदिया की ओर जा रहा ट्रक क्रमांक एमएच 40 वाय 4593 सोमवार रात लगभग 11.30 बजे जानाटोला स्थित पेट्रोल पंप के सामने चालक का वाहन पर नियंत्रण खोने से सड़क के बीचों-बीच पलट गया। इस हादसे में ट्रक चालक और परिचालक बाल-बाल बच गए, लेकिन ट्रक पूरी रात राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच में ही पलटा पड़ा रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के पास सुरक्षा की दृष्टि से कोई बैरिकेड्स, चेतावनी संकेतक या रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस और संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण यह ट्रक रातभर मौत का जाल बनकर सड़क पर पड़ा रहा।
इसी दौरान मंगलवार तड़के करीब 5.30 बजे हैदराबाद से गोंदिया की ओर आ रही ट्रैवल्स क्रमांक एमपी 50 झेड 4958 तेज रफ्तार में जानाटोला क्षेत्र में पहुंची। अचानक सामने सड़क पर पलटा ट्रक दिखाई देने पर चालक ने वाहन को किनारे से निकालने का प्रयास किया, लेकिन ट्रैवल्स ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैवल्स सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों से उछलकर एक-दूसरे पर गिर पड़े। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया तथा घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
इस दुर्घटना में हंसराज टोरीलाल नवदाने (43), पंचफुला नवदाने (40) निवासी चांदीटोला, चेंबूरलाल कलपुरे (34) निवासी भिमोडी, मुनेश्वरी देशमुख (43) निवासी लांजी (मध्य प्रदेश), राकेश कांबले (35), मुनीतत्न पंचेश्वर (55), बिहारीलाल पंचेश्वर (43) निवासी सिंघारपुरी, रीतू सिंघनकुळे (22), सावित्री पंचीतिलक (29) निवासी भेलवाटोला तथा सुखवतीबाई दमाहे घायल हुए हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को पहले गोरेगांव ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को गोंदिया के अस्पतालों में रेफर किया गया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here