नागरा में छह जुआरियों को पकड़ा, कार सहित 4.70 लाख का माल जब्त

0
175

गोंदिया. ग्रामीण पुलिस ने नागरा क्षेत्र के खेत परिसर में चल रहे जुआ अड्डे पर 2 अक्टूबर की शाम की गई कार्रवाई में छह आरोपियों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया. पुलिस ने आरोपियों के पास से नकद राशि, एक चारपहिया वाहन और जुआ खेलने का साहित्य सहित कुल 4 लाख 70 हजार 500 रु. का माल जब्त किया है.
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण पुलिस की टीम अवैध गतिविधियों के खिलाफ गश्त कर रही थी. इसी दौरान गोपनीय सूचना मिली कि नागरा के खेत परिसर में कुछ लोग 52 पत्तों पर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान नागरा निवासी निलेश पन्नालाल मचाले (35), प्रणय राजेश नागरीकर (23), अंभोरा निवासी इरफान मुबारक शेख (34), सावरी निवासी आकाश शम्भूदयाल अग्रवाल (45), अंभोरा निवासी अनिल हेमराज बिसेन (30) व नागरा निवासी सुभाष राजाराम बांते (48) को पकड़ा गया. पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में आरोपियों की तलाशी ली. इस दौरान 60,500 रु. नकद, 4 लाख 10 हजार रु. कीमत का एक चारपहिया वाहन तथा जुआ खेलने का साहित्य बरामद किया गया. कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से फरार हो गए. गोंदिया ग्रामीण पुलिस थाने में छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी दिनेशचंद्र शुक्ला व प्रभारी अधिकारी दीपम दहिवले के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र भोसले, पीएसआई अंकित सोनवणे सहित गोंदिया ग्रामीण पुलिस की टीम ने की.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here