पुरी-गांधीधाम एक्सप्रेस से गांजा तस्कर गिरफ्तार, एक लाख से अधिक का मादक पदार्थ बरामद

0
251

गोंदिया. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल द्वारा “ऑपरेशन नार्कोस’’ के अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है. इस अभियान के तहत आरपीएफ ने ट्रेन क्र.12994 पुरी–गांधीधाम एक्सप्रेस में एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 लाख रु. से अधिक मूल्य का गांजा बरामद किया है.

मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन व मार्गदर्शन में आरपीएफ नागपुर द्वारा राज्य पुलिस तथा अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर रेल मार्ग से होने वाली प्रतिबंधित मादक पदार्थों, शराब व तंबाकू उत्पादों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 2 जून को आमगांव स्टेशन पर ड्यूटी में तैनात प्रधान आरक्षक राजेश कुमार को ट्रेन क्र. 12994 पुरी–गांधीधाम एक्सप्रेस के प्लेटफार्म क्र. 03 पर आगमन के दौरान जनरल कोच से एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में उतरकर प्लास्टिक का झोला लेकर जाते हुए दिखाई दिया. संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम शीतल चीनधालोर, निवासी धानोली, थाना आमगांव, जिला गोंदिया बताया. तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद झोले से गांजा जैसी गंध वाले दो पैकेट बरामद हुए. तत्पश्चात इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 2.090 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1,04,500 रु. है, बरामद किया गया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here