स्थानीय अपराध शाखा की कार्रवाई, 8.01 लाख रुपए का माल जब्त
गोंदिया. स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से गोंदिया, नागपुर, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से चोरी की गई कुल 18 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 8 लाख 1 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को तिरोड़ा निवासी सचिन पटले की मोटरसाइकिल ट्रेजरी ऑफिस के पीछे से चोरी हो गई थी। इस मामले में तिरोड़ा थाने में अपराध दर्ज किया गया था। इसके अलावा आमगांव थाना क्षेत्र में भी 17 और 25 सितंबर को एक होंडा साइन तथा एक एक्टिवा चोरी होने के मामले सामने आए थे।
मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा ने जांच शुरू की। पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में 30 सितंबर को पुलिस टीम चोरी के मामलों में आरोपियों की तलाश और पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अंगूर बगीचा, गोंदिया निवासी राहुल उर्फ चंगा लिल्हारे के मोटरसाइकिल चोरी में शामिल होने की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर राहुल उर्फ चंगा लिल्हारे (26) को हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर आमगांव, तिरोड़ा, खमारी, सिविल लाइन, नागपुर शहर तथा किरणापुर (मध्यप्रदेश) सहित विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने राहुल के साथ जय उर्फ बॉबी राजेश पाटील (27), सूरजसिंह ग्यानीराम सावंत (35) और अमित अशोक लिल्हारे (27) को भी हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर गोंदिया जिले से 7, नागपुर शहर से 7, मध्यप्रदेश से 3 तथा छत्तीसगढ़ से 1 मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद 18 वाहनों में होंडा साइन, होंडा एक्टिवा, होंडा लिवो, हीरो स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्रो, एचएफ डीलक्स, सीडी डीलक्स और सुपर स्प्लेंडर सहित विभिन्न मॉडल शामिल हैं। इन सभी वाहनों की अनुमानित कुल कीमत 8.01 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को बरामद वाहनों सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गोंदिया ग्रामीण पुलिस के हवाले कर दिया है। यह कारवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे तथा एलसीबी के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में पुलिस हवलदार संजय चौहान, दीक्षितकुमार दमाहे, सुबोधकुमार बिसेन, इंद्रजीत बिसेन, सोमेंद्रसिंह तुरकर, रियाज शेख, भोजराज बहेकार, विठ्ठल ठाकरे, राजकुमार खोटेले, सुजित हलमारे सहित एलसीबी के पुलिसकर्मी तथा साइबर सेल के सहायक पुलिस निरीक्षक देविदास ठमके, पुलिसकर्मी योगेश राहिले और अश्विन वंजारी ने कार्रवाई में भूमिका निभाई।



