गोंदिया शहर डीबी पथक की बड़ी कार्रवाई; चोरी की रकम से खरीदी कार और मोबाइल जब्त
गोंदिया. शहर पुलिस के डीबी पथक ने अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के माल को बरामद किया है। आरोपी की गिरफ्तारी से गोंदिया शहर पुलिस थाना क्षेत्र के दो तथा रायपुर (छत्तीसगढ़) के दो चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, फुलचुर स्थित आशीर्वाद कॉलोनी निवासी 67 वर्षीय राजकुमार ध्यानदास डेंबानी के अनुप टेक्सटाइल्स प्रतिष्ठान से 31 जुलाई की रात 9.45 बजे से 1 अगस्त की सुबह 11 बजे के बीच अज्ञात चोर ने नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में 1 अगस्त को गोंदिया शहर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 572/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक प्रवीण बोरकुटे के मार्गदर्शन में डीबी पथक की टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में जाकर आरोपी की तलाश की। इसी दौरान जगदलपुर, छत्तीसगढ़ से गुलशन सिताराम वैष्णव (30), निवासी घाट सिमारिया, तहसील सिहोरा, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) को 15 अगस्त को हिरासत में लेकर गोंदिया शहर थाने में गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अनुप टेक्सटाइल्स में हुई चोरी के साथ ही गोंदिया शहर थाने में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले में भी नकदी चोरी करने की बात कबूल की। आरोपी ने चोरी की रकम से MP-20/CC-2835 क्रमांक की चारपहिया कार, जिसकी कीमत करीब 1.35 लाख रुपए है, खरीदी थी। इसके अलावा उसके पास से करीब 20 हजार रुपए कीमत का वीवो कंपनी का मोबाइल भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने रायपुर, छत्तीसगढ़ में भी दो स्थानों पर चोरी करने की बात स्वीकार की। इस प्रकार डीबी पथक ने गोंदिया शहर पुलिस थाना क्षेत्र के दो तथा रायपुर के दो, कुल चार चोरी के मामलों का पर्दाफाश किया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील दरेकर के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक प्रवीण बोरकुटे, सहायक पुलिस निरीक्षक मडावी तथा डीबी पथक के सफौ कवलपालसिंग भाटिया, सतीश शेंडे, सुदेश टेंभरे, निशिकांत लोंदासे, दीपक राहांगडाले, पुलिस शिपाई सुभाष सोनवाने, अशोक राहांगडाले, दिनेश बिसेन, मुकेश रावते, प्रमोद शेंडे, सोनू नागपुरे, राकेश बंजारे, अजय बोपचे एवं कुणाल बारेवार ने की।



