गोंदिया. आगामी होली पर्व के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत संघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के अंतर्गत दो अलग-अलग मामलों में कुल 8 हजार 50 रु. की देशी व अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए संबंधित तस्करों को पकड़ा गया.
गाड़ी संख्या 12833 अहमदाबाद एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म क्र. 04 पर आगमन के दौरान मंडल की स्पेशल टीम व मंडल टास्क टीम द्वारा एक संदिग्ध व्यक्ति की जांच की गई. तलाशी के दौरान उसके पास से 10 नग अंग्रेजी शराब जिसकी कीमत 3 हजार 140 रु. बताई गई है. उक्त शराब को अवैध रूप से महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ राज्य ले जाया जा रहा था. आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए शासकीय रेलवे पुलिस, गोंदिया को सुपुर्द किया गया, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया. वहीं रेसुब पोस्ट राजनांदगांव द्वारा गाड़ी संख्या 18029 डाउन कुर्ला-हावड़ा एक्सप्रेस में गोंदिया-राजनांदगांव सेक्शन के मध्य संघन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया. जांच में उसके पास से 13 नग देशी व विदेशी शराब, जिसकी कीमत 4 हजार 910 रु. बताई गई. नियमानुसार कार्रवाई उपरांत आरोपी को जब्त शराब सहित आबकारी विभाग, राजनांदगांव को सुपुर्द किया गया, जहां आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. यह संपूर्ण कार्रवाई मुन्नवर खुर्शीद, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेसुब, बिलासपुर के निर्देशन व दीप चंद्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेसुब, नागपुर मंडल के मार्गदर्शन में संपन्न की गई. रेसुब नागपुर मंडल द्वारा ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार होली त्यौहार के मद्देनजर रेलगाड़ियों व रेल परिसर में प्रतिबंधित मादक पदार्थ, शराब व तंबाकू उत्पादों के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
अवैध शराब सहित तस्कर गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल की कार्रवाई
RELATED ARTICLES






