गोंदिया. आमगांव में आयोजित अष्टविनायक दहीहंडी उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया. दहीहंडी उत्सव का उत्साह चरम पर था, तभी लोगों के खड़े होने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे सीढ़ियों का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे में कुल 18 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 6 गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल, गोंदिया रेफर किया गया है. गंभीर घायलों में दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार, 6 सितंबर को करीब शाम 8 बजे अष्टविनायक दहीहंडी उत्सव देखने के लिए आमगांव में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे थे. कार्यक्रम देखने के लिए कई लोग आसपास की इमारतों की सीढ़ियों और ऊंचे स्थानों पर खड़े थे. इसी दौरान दीवार से लगी सीढ़ियों के स्लैब पर भी बड़ी संख्या में लोग खड़े थे. अचानक स्लैब ढहने से कई लोग नीचे जा गिरे. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवकों और प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य शुरू किया. सभी 18 घायलों को तत्काल आमगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद 12 घायलों को छुट्टी दे दी, जबकि 6 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल गोंदिया भेजा गया. चिकित्सकीय अधिकारियों के अनुसार, गंभीर घायलों में दो की हालत चिंताजनक है और मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है.



