मलाजखंड क्षेत्र में खनिज अमले की कार्रवाई; पुलिस अभिरक्षा में रखा वाहन
गोंदिया. बालाघाट जिले के बिरसा तहसील अंतर्गत मलाजखंड क्षेत्र में खनिज अमले ने ई-टीपी की वैधता अवधि समाप्त होने के बावजूद मैगनीज का परिवहन करते पाए गए ट्रक को जब्त किया है. वाहन जांच के दौरान ट्रक क्रमांक CG08-AG-4435 को मैगनीज खनिज का परिवहन करते हुए पकड़ा गया. उप संचालक खनिज सुश्री फरहत जहाॅ ने बताया कि खनिज अमले द्वारा वाहन में भरे मैगनीज के दस्तावेजों और ई-टीपी की जांच की गई. जांच में पाया गया कि संबंधित वाहन की ई-टीपी की वैधता अवधि समाप्त हो चुकी थी. इसके बावजूद वाहन में मैगनीज का परिवहन किया जा रहा था. नियम विरुद्ध खनिज परिवहन पाए जाने पर खनिज अमले ने ट्रक को जब्त कर पुलिस थाना मलाजखंड की अभिरक्षा में रखा है. मामले में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.



