एकनिष्ठा और मेहनत ही मेरी सफलता का मूल मंत्र : सांसद राजेंद्र जैन

0
27

गोंदिया. गोंदिया शिक्षण संस्था द्वारा संचालित नटवरलाल माणिकलाल दलाल महाविद्यालय, डी.बी. साइंस कॉलेज, एस.एस. गर्ल्स कॉलेज एवं पी.पी. एजुकेशन कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में नवनिर्वाचित सांसद तथा गोंदिया शिक्षण संस्था के सचिव राजेंद्र जैन का पारिवारिक सम्मान समारोह एन.एम.डी. महाविद्यालय के अत्याधुनिक सभागार में उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया. समारोह की अध्यक्षता सम्मानित अतिथि सांसद राजेंद्र जैन ने की. मुख्य अतिथि के रूप में देवेंद्रनाथ चौबे उपस्थित रहे. कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. रविंद्र मोहातुरे, डॉ. मनोज पटले, डॉ. शारदा महाजन तथा डॉ. राजेंद्र निकोसे सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे. कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षामहर्षि स्वर्गीय मनोहरभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ.
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सांसद राजेंद्र जैन ने कहा कि उन्हें एन.एम.डी. महाविद्यालय में कक्षा 11वीं के विद्यार्थी के रूप में अध्ययन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था और आज उसी महाविद्यालय में उनका सम्मान होना उनके लिए गर्व और भावनाओं से भरा क्षण है. उन्होंने कहा कि शिक्षामहर्षि स्वर्गीय मनोहरभाई पटेल का राजनीतिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्य उनके लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है. सांसद प्रफुल पटेल के मार्गदर्शन में उन्होंने ईमानदारी, समर्पण और अथक परिश्रम के साथ कार्य किया है. उन्होंने कहा कि “एकनिष्ठा और मेहनत ही मेरी सफलता का वास्तविक मूल मंत्र है. उन्होंने गोंदिया शिक्षण संस्था के प्राध्यापकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों से विद्यार्थियों को अपने बच्चों की तरह समझकर उनकी शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया.
प्रारंभिक संबोधन में प्राचार्य डॉ. रविंद्र मोहातुरे ने सांसद राजेंद्र जैन के सामाजिक, शैक्षणिक एवं राजनीतिक कार्यों का परिचय दिया. वहीं प्राचार्या डॉ. शारदा महाजन ने कहा कि राजेंद्र जैन की उपलब्धि पूरे गोंदिया शिक्षण संस्था परिवार के लिए प्रेरणादायक है और उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम का संचालन डॉ. मोहम्मद एजाज शेख ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्राचार्य डॉ. मनोज पटले ने किया। समारोह में विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here