एनएच-53 पर एक ही दिन में पांच ट्रकों की भीषण टक्कर, दो अलग-अलग हादसों में पांच भारी वाहन क्षतिग्रस्त

0
2

गोंदिया. मुंबई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग क्र. 53 पर सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों में कुल पांच भारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए. हादसे इतने जबरदस्त थे कि वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी चालक सुरक्षित बच गए. घटनाओं के कारण कुछ समय तक राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा.
पहला हादसा सुबह करीब 11.49 बजे ठाकुर ढाबा के सामने हुआ. जहां नागपुर से रायपुर की ओर कोकाकोला से भरा ट्रक क्र. सीजी 10 -बीक्यू 9717 सड़क किनारे खड़े कंटेनर क्र. सीजी 08 -जे 376 से पीछे से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पास में खड़े टैंकर क्र. केए 35 -डी 2695 के डीजल टैंक को भी नुकसान पहुंचा. हादसे में ट्रक चालक सुरेंद्र यादव घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही लोग मौके पर पहुंचे और ट्रक में फंसे घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई. दूसरा हादसा शाम करीब 7 बजे डुग्गीपार हाईवे पुलिस केंद्र क्षेत्र में हुआ. जहां रायपुर से नागपुर की ओर लोहे के बीम लेकर जा रहा ट्रेलर क्र. एमएच 40 – एके 2557 अचानक गलत दिशा में पहुंच गया और सामने से आ रहे आयशर ट्रक क्र. एमएच 40 – सीएम 8084 से आमने-सामने भिड़ गया. टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि दोनों चालक सुरक्षित बच निकले. ट्रेलर चालक वाहन में फंस गया था, जिसे लोगों ने बाहर निकालकर सुरक्षित बचाया. सूचना मिलते ही डुग्गीपार हाईवे पुलिस केंद्र के पुलिस निरीक्षक राजू बस्तावड़े अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी. दोनों मामलों की जांच डुग्गीपार पुलिस कर रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here