औद्योगिक विकास पर ध्यान केंद्रित करना हमारी प्राथमिकता : जिलाधीश गोंदावले

0
116

गोंदिया. गोंदिया जिले में प्राकृतिक वन संपदा काफी अधिक है. लेकिन जिले का औद्योगिक विकास अपेक्षित मात्रा में नहीं हो पाया है. यहां उद्योगों के अपार अवसर है. जिससे जिले की आर्थिक उन्नति हो सकती है. इसीलिए जिले के औद्योगिक विकास पर ध्यान केंद्रित करना हमारी प्राथमिकता होगी. यह बात गोंदिया के नवनियुक्त जिलाधिकारी डॉ. मंगेश गोंदावले ने 6 मार्च को जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद आयोजित एक चर्चा में कही.
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के रूप में गोंदिया में काम करते समय स्वयं का एजेंडा लागू नहीं करना है, बल्कि यहां के नागरिकों की समस्याओं की जानकारी लेकर उनका समाधान करना हमारे प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी. प्रशासन लोकाभिमुख होना चाहिए. ताकि नागरिकों की समस्याओं का समाधान हो सके. सारस पक्षी को गोंदिया जिले की पहचान बताते हुए उन्होने कहा कि मेरी जानकारी के अनुसार जिले में सारस संवर्धन के लिए प्रशासकीय एवं सामाजिक स्तर पर भी प्रयास किए जा रहे हैं. लेकिन इसके बावजूद सारस की संख्या में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही है, इस पर भी ध्यान दिया जाएगा. विदर्भ में काम करने का उनका यह पहला अवसर है. इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी भैयासाहेब बेहरे, जिला सूचना अधिकारी अंजु कांबले-निमसरकर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी राजन चौबे, जिला सूचना अधिकारी कार्यालय के के. के. गजभिये उपस्थित थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here