कडोतीटोला का 13 वर्षीय लापता बच्चा 13 दिन बाद तेलंगाना में मिला

0
6

गोंदिया. सालेकसा तहसील के कडोतीटोला गांव से 21 जून से लापता 13 वर्षीय बच्चा आखिरकार 5 जुलाई को पुलिस की तत्परता से सकुशल मिल गया. बच्चे का नाम प्रणय अरविंद टेंभुर्णीकर बताया गया है. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे उसके दादा शालीकराम पांडुरंग टेंभुर्णीकर (70) के सुपुर्द कर दिया.

जानकारी के अनुसार, प्रणय 21 जून को बिना किसी को बताए घर से निकल गया था. इस संबंध में सालेकसा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई थी. पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी. तलाश के दौरान प्रणय ने तेलंगाना से अपनी बहन को फोन किया. बहन ने तुरंत इसकी जानकारी सालेकसा पुलिस को दी. सालेकसा के पुलिस निरीक्षक रवि नागोसे के मार्गदर्शन में जांच अधिकारी उपनिरीक्षक किशोर मावसकर ने तत्काल उस नंबर पर संपर्क किया. बातचीत के बाद प्रणय के साथ उपस्थित लोगों ने उसे पुलिस थाने लाने की सहमति दी. इसके बाद 5 जुलाई को उसे सालेकसा पुलिस थाने लाया गया. पूछताछ में प्रणय ने बताया कि वह कडोतीटोला से ऑटो द्वारा साखरीटोला पहुंचा और वहां से दूसरे ऑटो से आमगांव गया. आमगांव में उसकी मुलाकात मक्काटोला के एक युवक से हुई, जो नागपुर जा रहा था. प्रणय भी उसके साथ नागपुर चला गया. बाद में दोनों तेलंगाना के एक गांव पहुंचे, जहां प्रणय प्रतिदिन 800 रु. की मजदूरी पर काम करने लगा. इसी दौरान उसने अपनी बहन को फोन किया, जिससे पुलिस को उसकी सही लोकेशन मिल गई. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से प्रणय को सकुशल वापस लाकर उसके परिवार को सौंप दिया गया. बेटे के सुरक्षित लौटने पर टेंभुर्णीकर परिवार ने सालेकसा पुलिस का आभार व्यक्त किया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here