गोंदिया. सड़क अर्जुनी तहसील के ब्राह्मणी खड़की में पानी की टंकी के पास खेत में विद्युत डीपी के समीप करंट लगने से एक भैंस की मौत हो गई. यह घटना रविवार, 23 अगस्त को शाम करीब 5 बजे घटित हुई. इस दौरान किसान यशवंत वाढ़ई बाल-बाल बच गए.
जानकारी के अनुसार, यशवंत वाढ़ई अपनी भैंस के साथ खेत परिसर में थे. इसी दौरान विद्युत डीपी के पास पहुंचते ही भैंस को अचानक जोरदार करंट लग गया. करंट का झटका इतना तेज था कि भैंस की मौके पर ही मौत हो गई. किसान के अनुसार, इस घटना में उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है. घटना की जानकारी मिलते ही महावितरण के कर्मचारी गंगाधर सोनवणे व पुरुषोत्तम भंडारकर मौके पर पहुंचे. कर्मचारियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी और करंट लगने के कारणों की जांच शुरू की. घटना की सूचना पुलिस व पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को भी दी गई. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. डीपी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. ग्रामीणों ने महावितरण से डीपी व आसपास के विद्युत उपकरणों की तत्काल जांच कर सुरक्षा के आवश्यक उपाय करने की मांग की है.



