गोंदिया. गोंदिया जैसे छोटे शहर से निकलकर मुंबई में दंत चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली डॉ. अदिती वरुण अग्रवाल ने भारी प्रतिस्पर्धा के बीच उल्लेखनीय मुकाम हासिल किया है. नागपुर के लता मंगेशकर अस्पताल से दंत चिकित्सा की शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने मुंबई में ‘स्माइल इन डेंटिस्ट्री’ नाम से अपनी पहचान स्थापित की. अब इसी ब्रांड के तहत 10 दंत चिकित्सालयों की श्रृंखला शुरू करने की योजना पर काम किया जा रहा है.
इसी क्रम में ‘स्माइल इन डेंटिस्ट्री’ के दूसरे क्लीनिक का शुभारंभ 30 अगस्त, रविवार को मुंबई के कांदिवली वेस्ट स्थित ट्रिनिटी बिल्डिंग में होने जा रहा है. क्लीनिक का उद्घाटन भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पीयूष गोयल के हाथों होगा.

डॉ. अदिती ने अमेरिका की न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से कॉस्मेटिक डेंटिस्ट्री में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है. इसके साथ ही इम्प्लांट, ब्रेसेस तथा बच्चों के दांतों के उपचार के क्षेत्र में भी उन्होंने अमेरिका से फेलोशिप हासिल की है. उनके क्लीनिक में उच्च शिक्षा प्राप्त पांच विशेषज्ञ दंत चिकित्सकों की टीम मरीजों को सेवाएं उपलब्ध कराती है. करीब 200 दंत क्लीनिकों वाले क्षेत्र में उनका क्लीनिक आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है. यहां लाफिंग गैस तथा सीबीसीटी मशीन की सहायता से मरीजों का दर्द एवं भय कम करते हुए उपचार किया जाता है.
विशेष बात यह है कि डॉ. अदिती के क्लीनिक में उपचार के लिए ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, दुबई और लंदन से भी मरीज पहुंच रहे हैं. कई मरीजों का संपूर्ण दंत उपचार महज एक सप्ताह में पूरा किया जाता है. डॉ. अदिती अग्रवाल गोंदिया-आमगांव के ‘भारत स्माइल क्लीनिक’ के निदेशक डॉ. अक्षत अग्रवाल की बहन तथा गोपाल अग्रवाल और वंदना अग्रवाल की सुपुत्री हैं. गोंदिया से मुंबई तक अपनी मेहनत और विशेषज्ञता के दम पर बनाई गई उनकी पहचान क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बनी है.



