गोंदिया जिले की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, 11.23 लाख मतदाता शामिल

0
5

गोंदिया. भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत गोंदिया जिले की प्रारूप मतदाता सूची सोमवार, 31 अगस्त को प्रकाशित कर दी गई। जिले में कुल 11 लाख 23 हजार 805 मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मंदार पत्की ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें और आवश्यक दावे एवं आपत्तियां 30 सितंबर 2026 तक दर्ज कराएं। उन्होंने यह अपील राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में की।
प्रारूप मतदाता सूची में जिले के 9 लाख 63 हजार 159 मतदाताओं (85.71 प्रतिशत) का सत्यापन पूर्ण किया गया है। विधानसभा क्षेत्रवार अर्जुनी मोरगांव में 2,29,882 (88.71 प्रतिशत), तिरोड़ा में 2,22,553 (83.08 प्रतिशत), गोंदिया में 2,68,237 (82.29 प्रतिशत) तथा आमगांव में 2,42,487 (89.54 प्रतिशत) मतदाताओं का सत्यापन किया गया है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, पते पर नहीं मिलने वाले, दोहरी अथवा अन्य स्थानों पर दर्ज 1 लाख 60 हजार 646 मतदाताओं (14.29 प्रतिशत) को स्वतंत्र सूची में शामिल किया गया है। यह सूची संबंधित वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। प्रारूप मतदाता सूची जिला स्तर के साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित की गई है। इस संबंध में सोमवार दोपहर जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। प्रशासन ने बताया कि 31 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां संबंधित मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) अथवा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास प्रस्तुत की जा सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here