गोंदिया-भंडारा में सड़क, पुल और ROB के विकास को मिलेगी गति, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से सांसद प्रफुल पटेल व राजेंद्र जैन की महत्वपूर्ण बैठक

0
17

गोंदिया. गोंदिया-भंडारा जिले में सड़क, पुल, रेलवे ओवरब्रिज (ROB) तथा यातायात सुविधाओं से जुड़े लंबित और प्रस्तावित विकास कार्यों को जल्द गति मिलने की उम्मीद है। नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निवास पर सांसद प्रफुल पटेल और सांसद राजेंद्र जैन ने बैठक कर दोनों जिलों की यातायात समस्याओं तथा विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक में दोनों जिलों के नागरिकों को होने वाली यातायात संबंधी परेशानियों, लंबे समय से लंबित परियोजनाओं तथा नए प्रस्तावित कार्यों की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी गई। राष्ट्रीय राजमार्गों का मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण, फ्लाईओवर निर्माण, लंबित फ्लाईओवर की अड़चनें दूर कर काम में तेजी लाने तथा विभिन्न रेलवे ओवरब्रिज परियोजनाओं की प्रक्रिया जल्द पूरी करने जैसे मुद्दे प्रमुखता से रखे गए। बैठक में तुमसर के विधायक राजू कारेमोरे तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।

भंडारा जिले की परियोजनाओं पर चर्चा
बैठक में भंडारा जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 543, 287 और 753 से जुड़े विभिन्न लंबित एवं प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा की गई। इनमें खैरलांजी-खापा, भंडारा शहर के शास्त्री चौक-त्रिमूर्ति चौक तथा शीतला माता मंदिर से रेलवे समतल क्रॉसिंग तक सीमेंट-कंक्रीट सड़क निर्माण शामिल है। इसके अलावा भंडारा-तुमसर-बपेरा मार्ग का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, जांब में सौंदर्यीकरण एवं डिवाइडर, खापा चौक तथा जाम में फ्लाईओवर निर्माण के साथ खैरलांजी-तुमसर-मोहाड़ी-भंडारा और तिरोड़ा-सलाई खुर्द-मनसर मार्ग पर फोरलेन एवं सीमेंट-कंक्रीट सड़क निर्माण के मुद्दे भी बैठक में रखे गए।

गोंदिया के ROB व सड़क कार्यों को प्राथमिकता
गोंदिया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 543 एवं 753 से संबंधित विभिन्न कार्यों को भी प्राथमिकता देने की मांग की गई। इसमें आमगांव-देवरी तथा गोंदिया-आमगांव मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज, गोंदिया पूर्व बायपास पर अतिरिक्त ROB और गोंदिया-तिरोड़ा मार्ग के बालाघाट टी-पॉइंट एवं काचेवानी में ROB निर्माण का मुद्दा शामिल रहा। इसके साथ ही महेक रेस्टोरेंट के पास नाले पर स्लैब निर्माण, गोंदिया-तिरोड़ा-सलाई खुर्द-मनसर मार्ग पर लंबित सीमेंट-कंक्रीट सड़क, जिलाधिकारी कार्यालय से खमारी तक फोरलेन सड़क तथा कोहमारा-गोंदिया मार्ग के चौड़ीकरण पर भी चर्चा हुई। सौंदड़ में फ्लाईओवर, अंडरपास, स्लिप रोड, नाली एवं फुटपाथ के अधूरे कार्यों को भी तत्काल पूरा करने की मांग सांसदों ने रखी।

जल्द दूर होंगी अड़चनें
बैठक में रखे गए प्रस्तावों एवं लंबित कार्यों पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सकारात्मक रुख व्यक्त किया। उन्होंने सांसद प्रफुल पटेल एवं सांसद राजेंद्र जैन द्वारा सुझाए गए विकास कार्यों में आवश्यक अड़चनों एवं तकनीकी समस्याओं को दूर कर दोनों जिलों के अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द गति देने का आश्वासन दिया। इस बैठक से गोंदिया और भंडारा जिले में सड़क एवं यातायात सुविधाओं के विकास को गति मिलने तथा लंबे समय से लंबित परियोजनाओं के जल्द पूरा होने की उम्मीद बढ़ी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here