गोंदिया में पहली बार अखिल भारतीय किन्नर महासम्मेलन, देशभर से पहुंचे हजारों किन्न

0
8

माँ लक्ष्मी त्रिपाठी की उपस्थिति में दिया सामाजिक एकता और सम्मान का संदेश
गोंदिया. गोंदिया शहर में पहली बार आयोजित अखिल भारतीय किन्नर महासम्मेलन में देशभर से आए हजारों किन्नरों की उपस्थिति से शहर में उत्साह का माहौल रहा। शुक्रवार (24 जुलाई) को आयोजित इस महासम्मेलन में किन्नर अखाड़े की प्रमुख आचार्य महामंडलेश्वर एवं प्रसिद्ध समाजसेविका माँ लक्ष्मी त्रिपाठी की विशेष उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया।
महासम्मेलन के अवसर पर सुबह पोवार बोर्डिंग परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक सजावट, ढोल-ताशों की गूंज और नृत्य के साथ निकली इस यात्रा ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। शोभायात्रा में माँ लक्ष्मी त्रिपाठी स्वयं शामिल हुईं। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरने वाली इस यात्रा का नागरिकों ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर तालियों के साथ स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान किन्नर समाज के सदस्यों ने शहर के दुर्गा मंदिर और भवानी मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा घंटा और नकद राशि का दान किया। इसके बाद यादव चौक स्थित महाकालेश्वर मंदिर में भी दर्शन कर समाज की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की गई। धार्मिक स्थलों पर किए गए पूजन के माध्यम से समाज में शांति, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया गया। इस महासम्मेलन का आयोजन गोंदिया किन्नर समाज की अध्यक्ष निशा नायक के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में माँ लक्ष्मी त्रिपाठी ने समाज में समानता, सर्वधर्म समभाव और मानवता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज भी समाज का अभिन्न हिस्सा है और उन्हें सम्मान व समान अधिकार मिलना आवश्यक है।

देशभर से पहुंचे किन्नर समाज के प्रतिनिधि
महासम्मेलन में दिल्ली, मुंबई, पुणे, पंजाब, हैदराबाद, गुजरात, कोलकाता, भोपाल, आगरा सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किन्नर समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस आयोजन के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों के किन्नर समाज को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here