गोंदिया. गोंदिया जिले के गणखैरा रेलवे स्टेशन के पास चलती मेमू लोकल ट्रेन से एक महिला को धक्का देकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है. यह घटना रेलवे पोल नंबर 1009/15 के पास हुई. शुरुआत में मामले को दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया.
मृतक गोरेगांव तहसील के गणखैरा निवासी ऋतु विनायक धमगाये (43) है. वह रोजाना की तरह गोंदिया-वडसा मेमू लोकल (68806) से घर लौट रही थीं. देर तक घर नहीं पहुंचने पर उसके भाई मंगेश धमगाये ने तलाश शुरु की. बाद में रेलवे ट्रैक के पास उनका शव मिला. ग्रामीण पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया. जांच के दौरान पुलिस ने रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच की. फुटेज में एक अज्ञात महिला का हाथ पकड़कर उसे जबरन ट्रेन के दरवाजे की ओर खींचता है और फिर चलती ट्रेन से बाहर धक्का देता हुआ दिखाई देता है. यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड होने से पुलिस को महत्वपूर्ण सबूत मिला है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष, मजबूत शरीर, सांवला रंग, काले बाल, काला टी-शर्ट, काली पेंट, गले में केसरिया दुपट्टा तथा दाढ़ी-मूंछ है. जांच में फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की भी सहायता ली गई है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे को पहले से जानते थे या नहीं, घटना के समय डिब्बे में अन्य यात्री मौजूद थे या नहीं, और आरोपी किस दिशा में फरार हुआ.



