गोंदिया : गोंदिया-तिरोड़ा राज्य मार्ग पर गंगाझरी स्थित आश्रमशाला के समीप रविवार शाम करीब 7 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित चौपहिया वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सौरभ जयसिंह बघेले, गौरव गणेश बैठवार और निखिल वासुदेव मेश्राम, निवासी धापेवाड़ा, लोधीटोला के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना से धापेवाड़ा लोधीटोला क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



