‘छत्रपति शिवाजी महाराज की जय’ घोष से गूंजा शहर, ‘जय शिवाजी-जय भारत’ पदयात्रा 

0
242

गोंदिया. स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती गुरुवार को गोंदिया में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई. प्रारंभ में गोंदिया के मनोहर चौक पर जिला प्रशासन की ओर से उपविभागीय अधिकारी चंद्रभान खंडाइत ने छत्रपति शिवाजी महाराज की अश्वारूढ़ प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की. इस अवसर पर मेरा युवा भारत जिला युवा अधिकारी श्रुति डोंगरे, नगर परिषद मुख्याधिकारी संदीप बोरकर, शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) सुधीर महामुनि, जिला क्रीड़ा अधिकारी भोजराज चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित थे.
‘जय शिवाजी-जय भारत’ पदयात्रा मनोहर चौक से शुरू हुई. यह यात्रा गोंदिया के मनोहर चौक से स्कूली छात्रों की लेजिम और बैंड टीम की धुन पर शुरू हुई और जयस्तंभ चौक से नेहरू चौक तक चली और इंदिरा गांधी स्टेडियम गोंदिया में समाप्त हुई. कार्यक्रम का आयोजन जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय, जिला क्रीड़ा परिषद, शिक्षा विभाग, मेरा युवा भारत, भारत स्काउट-गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवक, नगर परिषद और जिला प्रशासन गोंदिया द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था. इस अवसर पर गोंदिया शहर छत्रपति शिवाजी महाराज की जय घोष से गूंज उठा. उक्त पदयात्रा में नूतन इंग्लिश स्कूल, एस.एस.ए. न्यू गर्ल्स हाईस्कूल, एस.एस. गर्ल्स कॉलेज, श्री महावीर मारवाड़ी माध्यमिक विद्यालय, आदर्श इंग्लिश स्कूल और कॉमर्स जूनियर कॉलेज, प्रोग्रेसिव हिंदी हाईस्कूल, एस.एस.ए. मुन्सिपल गर्ल्स हाईस्कूल आदि स्कूलों के लगभग 1500 स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया.
राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक प्रो. डा. बबन मेश्राम, जिला क्रीड़ा संगठक अनिल सहारे, जिला संगठक (स्काउट) पराग खुजे, जिला संगठक (गाइड) चेतना ब्राम्हणकर, भाग लेने वाले सभी विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षण स्टाफ व अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here