छोटा गोंदिया में घुसा भालू, वन विभाग ने रेस्क्यू कर सुरक्षित पकड़ा

0
180

गोंदिया : शहर के छोटा गोंदिया स्थित शास्त्री चौक एवं लघु पाटबंधारे विभाग परिसर में शुक्रवार (17 जुलाई) की सुबह एक भालू दिखाई देने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर भालू को सुरक्षित पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, भालू सबसे पहले बुधवार शाम आरटीओ कार्यालय के पीछे स्थित नाले के पास देखा गया था। इसके बाद वह संजय नगर क्षेत्र से होते हुए लघु पाटबंधारे विभाग परिसर की ओर पहुंच गया। शुक्रवार सुबह दोबारा भालू के दिखाई देने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौके पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलने के तुरंत बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। करीब सुबह 9:30 बजे सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए भालू को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़कर पिंजरे में कैद कर लिया गया। वन विभाग की तत्परता से किसी भी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना टल गई। वन विभाग के अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में वन्यजीव दिखाई दे तो उसके पास जाने, उसे घेरने या परेशान करने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव और आम नागरिक दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। विभाग द्वारा भालू को नियमानुसार उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here