गोंदिया. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिवस व पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय अजितदादा पवार की जयंती के अवसर पर गोंदिया के जलाराम लॉन में छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल अभियान के अंतर्गत आयोजित विशाल ‘समाधान शिविर’ को नागरिकों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला. शिविर के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर हजारों लाभार्थियों तक पहुंचाया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राज्यसभा सांसद राजेंद्र जैन ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाना ही जनकल्याणकारी शासन का उद्देश्य है. उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा लोगों के द्वार तक पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध कराने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है.
विधायक विनोद अग्रवाल ने कहा कि सभी शासकीय सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराकर आम नागरिकों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्ची जनसेवा है. अधिकारियों ने बताया कि 22 से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित ‘कर्तव्य साधना सप्ताह’ में 12,913 तथा 1 अगस्त को आयोजित मुख्य समाधान शिविर में 4,240 लाभार्थियों को लाभ मिला. इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 17,153 लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया. शिविर में राजस्व विभाग द्वारा 1,180 शासकीय प्रमाण-पत्र, 1,280 नए प्राथमिकता परिवार राशन कार्ड, 748 खातेदारों के नामों में संशोधन तथा 368 वारिस फेरफार प्रकरणों का निपटारा किया गया. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के 245 तथा शहरी क्षेत्र के 250 आवासीय अतिक्रमणधारकों को स्वामित्व पट्टे वितरित किए गए. स्वास्थ्य व कृषि विभाग की ओर से 9,145 आयुष्मान भारत कार्ड वितरित किए गए, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 290 किसानों का बंद हुआ लाभ पुनः शुरू कराया गया. महिला सशक्तिकरण के तहत उमेद परियोजना के अंतर्गत 21 स्वयं सहायता समूहों को 1.17 करोड़ रु. का कर्ज वितरित किया गया. साथ ही 247 बेबी केयर किट तथा 74 महिलाओं को मातृ वंदन योजना का लाभ प्रदान किया गया. इस अवसर पर विधायक डा. परिणय फुके, अपर जिलाधिकारी अभिजीत घोरपड़े, उपविभागीय अधिकारी चंद्रभान खंडाईत, तहसीलदार समशेर पठान, अपर तहसीलदार श्रीकांत कांबले, नगर परिषद के मुख्याधिकारी संदीप बोरकर, पंचायत समिति सभापति मुनेश रहांगडाले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे. शिविर परिसर में 24 विभागों के विशेष काउंटर, 8 नागरिक सुविधा केंद्र तथा 2 आधार केंद्र स्थापित किए गए थे. संचालन व प्रास्ताविक तहसीलदार समशेर पठान ने किया. आभार अपर तहसीलदार श्रीकांत कांबले ने माना. शिविर में बड़ी संख्या में किसान, लाभार्थी व नागरिक उपस्थित थे.



