बालाघाट/गोंदिया. मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत 12 सितंबर को बैहर के टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) बैहर द्वारा संस्थान में तैयार किए गए मॉडल एवं प्रोजेक्ट की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से आईटीआई में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण, योजनाओं एवं नवाचारों की जानकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को दी गई। कार्यक्रम के दौरान आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल एवं प्रोजेक्ट आकर्षण का केंद्र रहे। उपस्थित लोगों को विभिन्न व्यवसायों में दिए जा रहे प्रशिक्षण, तकनीकी शिक्षा के अवसरों तथा संस्थान की गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

इसी क्रम में नोडल प्राचार्य श्रीमती सपना राहंगडाले एवं जिला रोजगार अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से आईटीआई बैहर का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संस्थान में संचालित प्रशिक्षण कार्य, प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति, विभिन्न व्यवसायों की मशीनरी एवं सामग्री की उपलब्धता, स्वच्छता, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण की गुणवत्ता और संस्थान में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों से जोड़ना भी रहा।



