जमीन विवाद में भाई ने की भाई की हत्या, आरोपी भाई को केशोरी पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
29

गोंदिया. अर्जुनी मोरगांव तहसील के ग्राम परसटोला में बुधवार, 17 जून की सुबह जमीन के विवाद के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या कर दी. इस मामले में अर्जुनी मोरगांव पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार किया है. मृतक का नाम परसटोला निवासी मोहन मंगरू कवडो (47) व आरोपी का नाम नारायण मंगरू कवडो (44) बताया गया है.
जानकारी के अनुसार, अर्जुनी मोरगांव तहसील के परसटोला निवासी मृतक मोहन मंगरू कवड़ो (47) और आरोपी नारायण मंगरु कवड़ो (44) आपस में सगे भाई हैं. उनके पिता ने उनके बीच खेत का बंटवारा कर दिया था. लेकिन क्योंकि मृतक मोहन कवड़ो अपने पिता की देखभाल करता था इसलिए वह अपने पिता के हिस्से की खेती करता था. इसी बीच घटना वाले दिन 17 जून की सुबह करीब 10 बजे जब मोहन कवड़ो अपनी पत्नी के साथ खेत पर गया तो आरोपी नारायण कवड़ो वहां आ गया. दोनों के बीच इस बात पर विवाद हो गया कि मुझे मेरे पिता के हिस्से की मेड़ दे दी जाए. बहस जब मारपीट में बदल गई तो आरोपी ने गुस्से में आकर मोहन कवड़ो पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पत्नी कविता मोहन कवड़ो (40) ने केशोरी थाने में शिकायत दर्ज कराई. उसकी शिकायत के आधार पर, केशोरी थाने में मामला दर्ज किया तथा तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी नारायण कवडो को हिरासत में ले लिया. जांच पुलिस निरीक्षक मंगेश काले के मार्गदर्शन में चल रही है.
छायाचित्र : 07
0000

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here