जिप अध्यक्ष लायकराम भेंडारकर ने घायलों और परिजनों से की मुलाकात

0
123

तेंदुए के हमले में घायल मासूम को दिया संबल
गोंदिया. दिनकरनगर के पास स्थित गोठणगांव इलाके में घूमने गए कुछ नागरिकों पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया. इस हमले में विहान भवतोस राय (4) नामक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसका इस समय गोंदिया के अस्पताल में इलाज चल रहा है. विहान की मदद के लिए दौड़े अजय प्रशांत सरदार भी इस हमले में घायल हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद अध्यक्ष लायकराम भेंडारकर ने घायलों के परिवारजनों से मुलाकात की. उन्होंने डाक्टरों से सीधे संपर्क कर विहान और अजय के लिए उचित इलाज सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए. इस मौके पर भेंडारकर ने वन विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर घायलों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा उपाय करने का भी आग्रह किया. घटना के बाद इलाके में भय का वातावरण व्याप्त था, लेकिन जिला परिषद अध्यक्ष लायकराम भेंडारकर द्वारा दिखाई गई तत्परता और संवेदनशीलता से नागरिकों में भरोसे का माहौल बना है. घायल मासूम के परिवार को भी इस मुलाकात से बड़ा संबल मिला है.
घटना के समय प्रत्यक्षदर्शी रहे अजय सरदार ने अपनी जान की परवाह न करते हुए विहान को बचाने की कोशिश की. इसके बाद पूजा लक्ष्मण मांढरे ने विहान को वाहन तक पहुंचाकर बड़ी सहायता प्रदान की. इन सभी के साहस की जिला परिषद अध्यक्ष ने विशेष रूप से सराहना की. इस मुलाकात के दौरान प्रतापगढ़ के सरपंच भोजराम लोगडे, रामनगर के सरपंच संतोष मिर्धा, कोकण सरकार तथा कई ग्रामीण उपस्थित थे. प्रशासन की ओर से जल्द ही आवश्यक मदद प्रदान की जाएगी, ऐसी जानकारी भेंडारकर ने दी. वन विभाग ने भी इलाके में गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here