‘छत्रपति शिवाजी महाराज राजस्व समाधान शिविर अभियान’ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक
गोंदिया. जिले के प्रत्येक पात्र लाभार्थियों तक शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे. इसके लिए राजस्व विभाग पूरी योजना बनाकर शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक लाभ से वंचित न रहे. यह निर्देश सांसद राजेंद्र जैन ने शुक्रवार को प्रशासकीय भवन, गोंदिया में आयोजित ‘छत्रपति शिवाजी महाराज राजस्व समाधान शिविर अभियान’ की समीक्षा बैठक में दिए. बैठक में उपविभागीय अधिकारी चंद्रकांत खंडाईत, तहसीलदार समशेर पठान सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस तथा पूर्व मुख्यमंत्री स्व. अजितदादा पवार की जयंती के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा इस विशेष अभियान का आयोजन किया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य राजस्व विभाग की सेवाओं को अधिक जनोन्मुखी, पारदर्शी एवं गतिशील बनाते हुए अंतिम पंक्ति के नागरिक तक विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. सांसद राजेंद्र जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलेभर में आयोजित होने वाले राजस्व समाधान शिविरों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए. साथ ही गांव-गांव जाकर लोगों को शिविरों की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इन शिविरों का लाभ उठा सकें और कोई भी हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित न रहे. इस अवसर पर सुरेश हर्षे, केतन तुरकर, नानू मुदलियार, माधुरी नासरे, राज शुक्ला, लोकेश यादव, रवि पटले सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे.



