गोंदिया. अर्जुनी मोरगांव तहसील में दो अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में खलबली मचा दी है. एक घटना में स्कूल जा रहा एक छात्र ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी घटना में एक किसान भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया.
पहली घटना 30 जुलाई की सुबह घटित हुई. जिसमें बोंडगांवदेवी स्थित मानवत विद्यालय में साइकिल चला रहे छात्र गिरिधारी मंगलमूर्ति शिवणकर (14) को इंजोरी से बोंडगांवदेवी मार्ग पर एक ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में उसके सिर और पेट में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए उसे अर्जुनी के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगे के इलाज के लिए गोंदिया जिला अस्पताल भेज दिया गया. दूसरी घटना मोरगांव में घटित हुई. जहां किसान मार्कंड सीताराम वालके (60) अपने खेत में काम कर रहा था. इसी दौरान झाड़ी में छिपे भालू ने अचानक हमला कर दिया. इस हमले में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और उसका चेहरा क्षत-विक्षत हो गया. बालू नेवारे, नेपाल शहारे, अनिल वालके, सुनील वालके और सुधाकर शहारे ने तुरंत उसकी मदद की और उसे ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया. वन परिक्षेत्र अधिकारी आर.एम. बहुरे और क्षेत्र सहायक जे.जी. नागपुरे ने घटनास्थल भेंट देकर डाक्टरों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया. वालके को गोंदिया के जिला अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही जिप अध्यक्ष लायकराम भेंडारकर ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया और मरीजों से पूछताछ की. उन्होंने उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
ट्रैक्टर की टक्कर से छात्र, भालू के हमले में किसान घायल, अर्जुनी मोरगांव तहसील की घटना
RELATED ARTICLES






