गोंदिया. मानसून के दौरान एक मकान ढहने से किसान के सामने बड़ा आर्थिक संकट आ गया है. यह घटना गुरुवार, 11 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे देवरी तहसील के डवकी गांव में घटित हुई. प्रभावित किसान का नाम देवराज बाबूराव राऊत (42) बतया गया है.
देवरी तहसील के डवकी निवासी किसान देवराज बाबूराव राऊत खेती के साथ-साथ डेयरी का व्यवसाय भी करते हैं. यही उनके परिवार की आजीविका है. उन्हें सरकार की घरकुल योजना का लाभ मिला है, लेकिन अल्प राशि के अभाव में मकान का निर्माण कार्य रुका हुआ है. उनका परिवार एक पुराने कच्चे मकान में रहता है और जो 18 वर्ष पुराना है. वे गरीबी में जीवन यापन कर रहे हैं. परिवार के मुखिया सहित कुल चार लोग इसमें रहते हैं. इस साल मानसून के दौरान हुई भारी बारिश के कारण उनका कच्चा मकान जर्जर हो गया था. गुरुवार को सुबह करीब 4 बजे जब परिवार के सदस्य सो रहे थे, तभी मकान का अंदरूनी हिस्सा ढह गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. मानसून के दौरान बने मकान के ढहने से किसान के सामने बड़ा आर्थिक संकट पैदा हो गया है. ग्रामीणों ने मांग की है कि सरकार तुरंत मकान का पंचनामा करवाए और प्रभावित किसान को आर्थिक सहायता प्रदान करे.



