गोंदिया. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पर्यटन के लिए ढासगड़ पहुंचे दो युवकों की तेज बहाव वाले पानी में डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा शनिवार दोपहर करीब 3.30 बजे हुआ। हादसे की खबर फैलते ही पर्यटन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में मातम छा गया। मृतकों की पहचान कृष्णा लखन कापगते (21) तथा हेतराम गुलाब सयाम (25), दोनों निवासी बोपाबोड़ी, तहसील सड़क अर्जुनी के रूप में हुई है। स्वतंत्रता दिवस के चलते ढासगड़ पर्यटन स्थल पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे थे। इनमें युवाओं की भी काफी भीड़ थी। इसी दौरान कृष्णा और हेतराम नहाने के लिए पानी में उतर गए। बताया जाता है कि दोनों जिस स्थान पर उतरे वहां पानी का बहाव काफी तेज था। अचानक दोनों पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को तलाशने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही चिचगढ़ पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और खोजबीन शुरू की गई।
एक शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
पुलिस और बचाव दल द्वारा चलाए गए अभियान में एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे युवक की तलाश जारी है। अंधेरा होने के कारण बचाव एवं खोज अभियान में परेशानी आ रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्राकृतिक आपदा प्रबंधन दल को भी मौके पर बुलाया गया है। खतरनाक है ढासगड़ का तेज बहाव वाला क्षेत्र ढासगड प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर पर्यटन स्थल है। यहां चट्टानी क्षेत्र से तेज गति से पानी बहता है और झरना भी है। लेकिन यही तेज बहाव पर्यटकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। पूर्व में भी यहां पानी में डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस प्रशासन और स्थानीय नागरिकों द्वारा पर्यटकों को लगातार बहते पानी में नहीं उतरने और नहाने से बचने की चेतावनी दी जाती है। इसके बावजूद कुछ पर्यटक इन चेतावनियों को नजरअंदाज कर देते हैं। शनिवार को हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वतंत्रता दिवस की खुशियां दो परिवारों के लिए मातम में बदल गईं।



