गोंदिया. महाराष्ट्र विधान परिषद के गोंदिया-भंडारा स्थानीय प्राधिकारी मतदाता संघ चुनाव क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए गुरुवार को मतदान हुआ. गोंदिया-भंडारा जिलों के चार मतदान केंद्रों पर हुई शांतिपूर्ण वोटिंग में, 457 में से सभी 457 मतदाताओं ने अपने वोट का इस्तेमाल किया, जिससे 100 प्रश. मतदान हुआ. मतदान के बाद मत पेटियां भंडारा के वैनगंगा स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रख दिए गए हैं. इस चुनाव में तीन उम्मीदवार महायुति (भाजपा) से अविनाश ब्राम्हणकर, महाविकास आघाड़ी समर्थित प्रत्याशी (निर्दलीय) से नरेश ईश्वरकर व निर्दलीय प्रत्याशी सचिन कुंभलकर में टक्कर है. इन तीनों उम्मीदवारों का भाग्य गुरुवार को मतपेटी में कैद हो गया और 22 जून को मतगणना के बाद इनका भाग्य खुलेंगा.

मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे के बीच जिलाधीश और चुनाव निर्णय अधिकारी सावन कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुई. प्रशासन ने इस बात पर खुशी जताई है कि स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के सदस्यों के लिए हुए इस चुनाव में सभी मतदाताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज की. मतदान केंद्र निहाय आकडेवारी के अनुसार, उप विभागीय अधिकारी कार्यालय भंडारा में 166 में से 166 मतदाताओं ने मतदान किया. उप विभागीय अधिकारी कार्यालय साकोली में 61 में से 61 मतदाताओं ने अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल किया. जिलाधीश कार्यालय गोंदिया में 154 में से 154 मतदाताओं ने मतदान किया. जबकि तहसील कार्यालय अर्जुनी मोरगांव में 76 में से 76 मतदाताओं ने ने मतदान किया. कुल मतदाताओं में 224 पुरुष और 233 महिला मतदाता शामिल थे, और सभी केंद्रों पर 100 प्रश. मतदान हुआ. मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद, सभी मत पेटियां कड़ी सुरक्षा के बीच भंडारा के वैनगंगा स्ट्रॉन्ग रूम में जमा कर दी गई हैं. स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के लिए नायब तहसीलदार के नेतृत्व में विशेष टीम तैनात की गई है और उम्मीदवार या उनके अधिकृत प्रतिनिधि अपनी मर्जी से स्ट्रॉन्ग रूम एरिया में जा सकेंगे. चुनाव प्रशासन ने ने पारदर्शकता और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं. इस बीच, इस चुनाव के लिए मतों की गिनती 22 जून को सुबह 8 बजे पुलिस बहुउद्दे शीय सभागृह में शुरू होगी.



