गोंदिया. तिरोड़ा-बिरसीफाटा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार, 25 दिसंबर को करीब 9.50 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई. यह घटना तिरोड़ा से लगभग 3 किलोमीटर दूर बड़े नाले के पास घटित हुई.
जानकारी के अनुसार देव्हाडी निवासी यश राजुके व भारत बनकर अपनी मोटरसाइकिल से तिरोड़ा की ओर जा रहे थे. बड़े नाले के पास आगे चल रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल सामने से बिरसीफाटा जा रहे ट्रैक्टर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी पुलिस को मिलती ही वह मौके पर पहुंची. आगे की जांच पुलिस कर रही है.


