दुर्घटना में बहन-भाई की मौत, मां घायल, नवेगांवबांध के पास की घटना

0
160

शादी समारोह में जाते समय घटि दुर्घटना
गोंदिया. देवरी शहर के भाई-बहन की अर्जुनी मोरगांव तहसील के नवेगांवबांध में शनिवार, 11 अप्रैल की शाम करीब 6.30 बजे एक भयानक हादसे में दुखद मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. मृतक भाई-बहन के नाम देवरी निवासी अंकुर अरुण शहारे (15) व चारभाटा/बोरगांव निवासी रितिका संजय जांभुलकर (10) बताया गया हैं. जबकि अरुणा अरुण शहारे (40) गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें तुरंत उपचार के लिए गोंदिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, शहारे परिवार देवरी शहर के वार्ड क्र. 14 में रहता है. रितिका देवरी में अपने परिवार के साथ रहकर चौथी कक्षा में पढ़ रही थी. कोरोना काल में पिता की मौत के बाद घर की जिम्मेदारी मां अरुणा के कंधों पर आ गई थी. इस बीच, वे तीनों अर्जुनी मोरगांव तहसील के बोलदे गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल पर देवरी से बोलदे जा रहे थे. शाम करीब 6.30 बजे नवेगांवबांध में एक अज्ञात वाहन ने उनके मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए. इस भयानक हादसे में अंकुर शहारे और रितिका जांभुलकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरुणा शहारे गंभीर रूप से घायल हो गईं. अरुणा को तुरंत उपचार के लिए गोंदिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना की जानकारी मिलते ही लोग मौके पर पहुंचे और मदद पहुंचाई. इस घटना से संबंधित परिवार में दुख का माहौल है. नवेगांवबांध पुलिस आगे की जांच कर रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here