गोंदिया. देवरी तहसील के ग्राम डवकी में 24 अप्रैल की सुबह 7 बजे के बीच मधुमक्खियों के हमले में चार लोग घायल हो गए. घायलों के नाम डवकी निवासी जयवंता लक्ष्मण बागड़े (70), धनंजय हीरालाल सोरले (58), डवकीटोला निवासी पूजा अनिल नुरेटी (18) व भागी निवासी जयश्री ऋषिपाल उईके (16) बताया गया है. हमले में बुजुर्ग महिला जयवंता बागड़े को गंभीर चोटें आईं और उनका ग्रामीण अस्पताल देवरी में इलाज चल रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवरी तहसील के ग्राम डवकी की एक बुजुर्ग महिला जयवंता लक्ष्मण बागड़े, पास के जंगल परिसर में महुआ फुल चुनने गई थीं, तभी मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया. इस दौरान पोल्ट्री फार्म में मौजूद धनंजय सोरटे उसकी जान बचाने के लिए दौड़ पड़े. लेकिन धनंजय पर मधुमक्खियों ने हमला कर घायल कर दिया. उसी समय दो बच्चियां पूजा नुरेटी और जयश्री उईके सड़क पर ग्राम भागी से डवकीटोला की ओर आ रही थीं, तभी उन पर भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. हालांकि, वह हमले से बच निकलने में कामयाब रहे. इन चारों लोगों पर मधुमक्खियों के हमले का सबसे ज्यादा असर वृद्ध महिला जयवंता बागड़े पर हुआ. घटना की जानकारी जैसे ही गांव के लोगों को हुई, वे मौके पर पहुंचे और चारों लोगों को प्राथमिक इलाज के लिए ग्रामीण अस्पताल देवरी पहुंचाया. जहां दोनों लड़कियों पूजा और जयश्री को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है क्योंकि उनकी हालत नियंत्रण में है, वहीं 70 वर्षीय जयवंता बागड़े और धनंजय सोरटे का अभी भी इलाज चल रहा है.



