नागपुर पैटर्न पर गोंदिया में बनेगा चौरास्तों को जोड़ने वाला एलिवेटेड सर्कल फ्लाईओवर ब्रिज : विधायक विनोद अग्रवाल

0
10

विधायक विनोद अग्रवाल के प्रयासों से 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को मिली मंजूरी
450 करोड़ की लागत से फ़्लाईओवर
290 करोड़ की लागत से रावणवाड़ी–कामठा–आमगांव हाईवे को स्वीकृति
218 करोड़ रुपये की लागत से जिला जेल निर्माण को मंजूरी
116 करोड़ रुपये की लागत से नई आधुनिक आईटीआई इमारत को हरी झंडी
गोंदिया. गोंदिया शहर को सर्वसुविधायुक्त, आधुनिक और विकसित बनाने के उद्देश्य से विधायक विनोद अग्रवाल लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में शासन द्वारा उनकी विभिन्न मांगों पर करीब 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई है, जिससे जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। विधानसभा चुनाव से पूर्व विधायक विनोद अग्रवाल ने बढ़ते शहरी यातायात को नियंत्रित करने व दुर्घटनाओं को रोकने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से बालाघाट टी-पॉइंट से कुड़वा स्थित साईं बाबा राइस मिल तक लगभग 3 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण की मांग की थी। इस मांग पर केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने बालाघाट टी-पॉइंट से कुड़वा तक प्रस्तावित लगभग 3 किलोमीटर लंबे (अनुमानित लागत 450 करोड़) फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण कार्य को भी मंजूरी प्रदान कर दी गई है। वर्तमान में इस परियोजना का डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही पिछले 4 वर्षो से रावणवाड़ी–कामठा–आमगांव मार्ग को हाईवे स्वरूप विकसित करने की विधायक विनोद अग्रवाल की मांग पर शासन ने 29 किमी लंबे रावणवाड़ी–कामठा–आमगांव हाईवे परियोजना के लिए 290 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
विधायक विनोद अग्रवाल के अनुसार गोंदिया में बनने वाला यह फ्लाईओवर नागपुर के एलिवेटेड रोटरी ब्रिज मॉडल पर आधारित होगा। यह एलिवेटेड सर्कल फ्लाईओवर शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों को ऊपरी स्तर पर जोड़ने का कार्य करेगा। प्रस्तावित संरचना के माध्यम से बालाघाट टी-पॉइंट पर इस फ़्लाईओवर में एलिवेटेड सर्कल (गोलाकार डिजाइन) बनाया जायेगा, जहां से कुड़वा, कलेक्टर कार्यालय रोड, नागरा रोड, हड्डीटोली ब्रिज तथा मरारटोली ब्रिज मार्ग आपस में जुड़ेंगे। उन्होंने बताया कि शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और प्रमुख चौराहों पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए इस उड़ानपुल का निर्माण समय की आवश्यकता बन चुका है। इसके निर्माण के बाद दासगांव मार्ग के यातायात को भी वैकल्पिक बायपास कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा।
इसके अतिरिक्त पिछले 27 वर्षों से लंबित जिला कारागृह निर्माण को भी शासन की स्वीकृति प्राप्त हो गई है। विधायक विनोद अग्रवाल के सतत पत्र व्यवहार व मांग के चलते सरकार ने जिला जेल निर्माण के लिए 218 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। प्रस्तावित जिला जेल कारंजा स्थित पुलिस मुख्यालय के समीप बनाई जाएगी।
वहीं फुलचुर स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) को आधुनिक एवं संसाधनयुक्त बनाने के लिए नई इमारत निर्माण हेतु 116 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इससे तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
विधायक विनोद अग्रवाल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के सहयोग से गोंदिया विधानसभा क्षेत्र में तेजी से विकास कार्यों को गति मिल रही है और आने वाले समय में जिले का स्वरूप बदलता दिखाई देगा। उन्होंने इन परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, सार्वजनिक लोकनिर्माण मंत्री शिवेन्द्र राजे भोसले एवं कौशल्य विकास मंत्री मंगलप्रताप लोढा का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here