नागरा में ट्रक-पिकअप की भीषण भिड़ंत, 6 मजदूरों की मौत, 7 गंभीर घायल

0
409

गोंदिया. गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा गांव के समीप सोमवार, 7 सितंबर को रात करीब 12 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में 3 साल के मासूम समेत 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की टक्कर से मजदूरों से भरे पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। सभी घायलों को उपचार के लिए गोंदिया के जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर क्षेत्र के मजदूर पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-15 टी-3495 से रोजगार के लिए तेलंगाना के जगतियाल, करीमनगर जा रहे थे। इसी दौरान नागरा गांव के पास गोंदिया की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक क्रमांक एमएच-35 एजे-2547 ने पिकअप को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

3 साल के मासूम समेत 6 की मौत
हादसे में आरुष मात्रे (3), निवासी सावरी, किरण संतोष वैद्ये (26), निवासी लोडाना, संतोष मात्रे (38), सुशीला मात्रे (35), दोनों निवासी किन्ही, रूपसेन सत्यकर (35) तथा ज्योति सत्यकर (32) की मौत हो गई। वहीं भूमेश्वर मात्रे (47), संगीता मात्रे (35), राजेंद्र पंचाले (30), लक्ष्मी पंचाल (27), संतोष वैद्ये (35), राकेश बाहे (24) तथा पिकअप चालक संदीप बाहे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर बचाई जान
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के नागरिक तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस भी मौके पर पहुंची। वाहन में फंसे घायलों को स्थानीय नागरिकों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया तथा एंबुलेंस के माध्यम से गोंदिया जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया जा रहा है। गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक ही क्षेत्र के छह लोगों की इस दर्दनाक हादसे में मौत होने से बालाघाट और गोंदिया क्षेत्र में शोक की लहर है। मजदूरी के लिए निकले परिवारों पर अचानक आई इस त्रासदी से पूरे इलाके में गम का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here