निमगांव (आंबेनाला) प्रकल्प की वन मंजूरी जल्द, सचिव डवले से विधायक रहांगडाले की सकारात्मक चर्चा

0
6

गोंदिया. तिरोड़ा-गोरेगांव विधानसभा क्षेत्र के महत्वाकांक्षी निमगांव (आंबेनाला) प्रकल्प की वन मंजूरी प्रक्रिया जल्द पूरी करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास तेज हो गए हैं. इसी सिलसिले में विधायक विजय रहांगडाले ने मुंबई में महाराष्ट्र जलसंपदा विभाग के सचिव एकनाथ डवले से मुलाकात कर प्रकल्प की वर्तमान स्थिति और लंबित कार्यवाही को लेकर विस्तार से चर्चा की.
निमगांव (आंबेनाला) प्रकल्प क्षेत्र के किसानों की सिंचाई और नागरिकों की पानी की समस्या दूर करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हालांकि, वन मंजूरी की प्रक्रिया लंबित होने के कारण प्रकल्प के अगले चरण का काम प्रभावित हो रहा था. बैठक में प्रकल्प की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों तथा वन मंजूरी प्रक्रिया में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों पर चर्चा की गई. विधायक रहांगडाले ने संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर वन मंजूरी की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने की मांग की, ताकि प्रकल्प के प्रत्यक्ष काम को बिना विलंब गति दी जा सके. जलसंपदा विभाग के सचिव एकनाथ डवले ने प्रकल्प के महत्व को देखते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई प्राथमिकता से करने को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी. संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर लंबित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के संकेत दिए गए. विधायक रहांगडाले ने कहा कि निमगांव (आंबेनाला) प्रकल्प जल्द पूरा होकर तिरोड़ा-गोरेगांव क्षेत्र के किसानों और नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिले, इसके लिए शासन स्तर पर लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here