गोंदिया. गंगाझरी थाना क्षेत्र के बेरडीपार स्थित श्मशान घाट परिसर में संदिग्ध अवस्था में मिले मोहम्मद इक्बाल शाह फकीर की मौत का रहस्य आखिरकार पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि पुराने विवाद का बदला लेने के लिए तीन विधि संघर्षित बालकों ने कथित तौर पर साजिश रची और शराब पिलाने के बहाने मोहम्मद इक्बाल को श्मशान घाट परिसर में ले जाकर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी. इस मामले में गंगाझरी पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है.
जानकारी के अनुसार, फकीरटोली काचेवानी निवासी मृतक मोहम्मद इक्बाल शाह फकीर का शव बेरडीपार स्थित श्मशान घाट परिसर में संदिग्ध अवस्था में मिला था. घटना की जानकारी मिलते ही गंगाझरी पुलिस मौके पर पहुंची. नूरी इक्बाल फकीर (40) की शिकायत पर पुलिस ने शुरुआत में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया. हालांकि, मौत की परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने जांच तेज कर दी. जांच के दौरान पुलिस को मिली गुप्त जानकारी के आधार पर काचेवानी और गोंडीटोला (कुडवा) क्षेत्र में रहने वाले तीन विधि संघर्षित बालकों पर संदेह हुआ. इसके बाद गंगाझरी थाने के प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक धीरज राजूरकर ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, मृतक के साथ पूर्व में हुए विवाद को लेकर तीनों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची थी. शनिवार की शाम करीब 7.30 बजे मोहम्मद इक्बाल शाह फकीर को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ बेरडीपार स्थित श्मशान घाट परिसर में ले जाया गया. वहां उसके सिर और पीठ पर चाकू से वार कर हत्या किए जाने की बात पूछताछ में सामने आई है. परिवीक्षाधीन पुलिस उपनिरीक्षक अजित धाराव की जांच रिपोर्ट के आधार पर गंगाझरी थाने में मामला दर्ज किया गया. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे, तिरोड़ा विभाग के उपविभागीय पुलिस अधिकारी गुल्हाने तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुड़े के मार्गदर्शन में की गई.



