पुल से बहे व्यक्ति का दो दिन बाद मिला शव, बाइक सहित तेज बहाव में बहे किसान की दर्दनाक मौत

0
81

गोंदिया. आमगांव तहसील के आसोली गांव के समीप नाले पर बने पुल से तेज बहाव में बाइक सहित बह गए किसान का शव दो दिन की लगातार तलाश के बाद सोमवार सुबह बरामद किया गया. इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग प्रशासन से की है.

जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच आसोली गांव के पास नाले पर बने पुल के ऊपर से बारिश का पानी तेज गति से बह रहा था. इसी दौरान जांभुरटोला निवासी रूपचंद प्रेमीलाल बोपचे (43) खेती के कार्य से मोटरसाइकिल से जा रहे थे. पुल पार करते समय उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे बाइक सहित तेज पानी के बहाव में बह गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और संबंधित विभागों ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया. लेकिन नाले में पानी का बहाव अत्यधिक होने के कारण उन्हें तुरंत तलाशना संभव नहीं हो सका. लगातार दो दिनों तक चले खोज अभियान के बाद मंगलवार, 7 जुलाई की सुबह करीब 7 से 7.30 बजे के बीच कुछ ग्रामीणों ने नाले में एक शव देखा. इसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए आमगांव ग्रामीण अस्पताल भेज दिया. इस घटना के बाद आसोली क्षेत्र के ग्रामीणों ने पुल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है. उनका कहना है कि पुल की ऊंचाई कम है और दोनों ओर सुरक्षा रेलिंग नहीं होने के कारण बारिश के मौसम में लोगों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल का पुनर्निर्माण कर उसकी ऊंचाई बढ़ाई जाए, दोनों ओर मजबूत सुरक्षा रेलिंग लगाई जाए, बारिश के दौरान खतरे की चेतावनी देने वाले बोर्ड लगाए जाएं तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं न हों. साथ ही ग्रामीणों ने मृतक रूपचंद बोपचे के परिवार को शासन की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here