राज्यपाल के नाम उपविभागीय अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
गोंदिया. वैश्विक संकट के चलते पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है. जिसक असर आम लोगों पर पड़ रहा है. पेट्रोल-डीजल की कीमतों की वृद्धि तत्काल कम की जाए व फ्यूल की आपूर्ति सुचारू की जाए, ऐसी मांग को लेकर गोंदिया जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से 27 मई को दोपहर 12 बजे शहर के जयस्तंभ चौक के पेट्रोल पंप पर आंदोलन किया गया. इस दौरान राज्यपाल के नाम उपविभागीय अधिकारी, गोंदिया को ज्ञापन सौंपा गया.
पिछले 11 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 8 रु. प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिसने पहले से ही महंगाई से त्रस्त जनता के घावों पर नमक छिड़क दिया है. पिछले 12 वर्षों में पेट्रोल की कीमतें 28 प्रश. व डीजल की कीमतें 62 प्रश. बढ़ी हैं. डा. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दौरान जब कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गईं, तब भी पेट्रोल और डीजल की कीमतें 72 रु. प्रति लीटर से ऊपर नहीं जाने दी गईं. लेकिन पिछले कुछ वर्षों में जब कच्चे तेल की कीमत 50-55 डॉलर प्रति बैरल के आसपास थी, तब पेट्रोल की कीमत 100 रु. के आसपास थी. पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों पर टैक्स व उत्पाद शुल्क के माध्यम से जनता पर लाखों करोड़ रु. का बोझ डाला है. हाल ही में मूल्य वृद्धि से तेल कंपनियों ने हजारों करोड़ रु. कमाए हैं और यह मुनाफाखोरी जनता की जेब पर डाका डाल रही है. पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम जनता काफी प्रभावित हो रही है. ईंधन की कीमतों में वृद्धि के कारण आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ रही हैं और मुद्रास्फीति तेज हो रही है. आय बढ़ाए बिना खर्च बढ़ने से आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. कृषि कार्य करने के लिए ट्रैक्टर और अन्य मशीनरी के लिए डीजल आवश्यक है. कई जगहों पर डीजल की आपूर्ति बाधित होने से कृषि कार्य संकट में आ गया हैं. इससे कृषि उत्पादन प्रभावित होने और भविष्य में महंगाई बढ़ने की आशंका है. सभी मामलों पर संवेदनशीलता से विचार करना चाहिए और पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि को तुरंत वापस लेना चाहिए और ईंधन की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए, ऐसी मांग की गई. इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अमर वराडे, नेतराम कटरे, विनोद जैन, पी.जी. कटरे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन
RELATED ARTICLES






