बिजली बिल वसूली करने गए कनिष्ठ अभियंता से मारपीट, दासगांव खुर्द की घटना

0
28

गोंदिया. बिजली बिल की वसूली के लिए गए कनिष्ठ अभियंता और उनके साथ मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. घटना बुधवार, 9 सितंबर को गोंदिया तहसील के दासगांव खुर्द में घटित हुई. मामले की शिकायत कनिष्ठ अभियंता कमलेश मस्के ने रावणवाड़ी पुलिस थाने में दर्ज कराई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दासगांव खुर्द निवासी महफूज फैजुद्दीन सैय्यद के बिजली बिल की राशि पिछले जून माह से बकाया थी. बिजली विभाग की ओर से उन्हें कई बार बकाया बिल का भुगतान करने की सूचना दी गई थी. बताया गया कि संबंधित उपभोक्ता ने आर्थिक असमर्थता जताते हुए बिल भरने में असमर्थता व्यक्त की थी. इसी बीच वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कनिष्ठ अभियंता कमलेश मस्के अपने साथ कर्मचारियों को लेकर बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए संबंधित उपभोक्ता के घर पहुंचे. उस समय उपभोक्ता घर पर मौजूद नहीं था. इसके बाद विभागीय नियमानुसार उनके घर का विद्युत कनेक्शन काट दिया गया. विद्युत कनेक्शन काटे जाने के बाद संबंधित व्यक्ति द्वारा कनिष्ठ अभियंता से इसका कारण पूछा गया. शिकायत के अनुसार, इसी बात को लेकर विवाद हुआ और कनिष्ठ अभियंता के साथ कथित रूप से धक्कामुक्की व मारपीट की गई. अचानक हुई घटना से मौके पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई. घटना के बाद कनिष्ठ अभियंता कमलेश मस्के ने रावणवाड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है.

बिजली बिल की वसूली के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने पहुंचे थे. इसी दौरान हम पर अचानक हमला किया गया, जिससे हमें काफी धक्का लगा. घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है और रावणवाड़ी पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है. मामले में उचित कार्रवाई की उम्मीद है.

कमलेश मस्के, कनिष्ठ अभियंता, दासगांव

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here