गोंदिया : तिरोडा–तुमसर राज्य मार्ग पर स्थित बिरसीफाटा के मुख्य चौक में शुक्रवार को सुबह करीब 11.30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा टल गया. नागपुर से तिरोडा की ओर जा रहा कोयले से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सीधे मुख्य चौक पर स्थित फागू राघोर्ते के माँ दुर्गा रेस्टॉरेंट में जा घुसा. दुर्घटना में रेस्टॉरेंट सहित बगल की राज पान दुकान को भी नुकसान पहुंचा. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय लगातार बारिश होने के कारण मुख्य चौक पर लोगों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में कम थी. यदि उस समय चौक पर अधिक भीड़ होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
जानकारी के अनुसार, तिरुपति यूनियन ट्रांसपोर्ट, मौदा का ट्रक क्रमांक MH-40 CD-4737 नागपुर से कोयला लेकर तिरोडा की ओर जा रहा था. बिरसीफाटा के मुख्य चौक पर मोड़ लेते समय चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे रेस्टॉरेंट में जा घुसा. ट्रक चालक प्रवीणकुमार साहू ने बताया कि मोड़ पर अचानक ट्रक का स्टेयरिंग और ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया. काफी प्रयास के बावजूद ट्रक को नियंत्रित नहीं किया जा सका और वह सीधे दुकान में घुस गया. हादसे में माँ दुर्गा रेस्टॉरेंट के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं समीप स्थित राज पान दुकान को भी नुकसान पहुंचा. स्थानीय नागरिकों ने कहा कि बिरसीफाटा का मुख्य चौक अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है, जहां दिनभर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है. बारिश के कारण भीड़ कम होने से इस बार बड़ा हादसा टल गया, लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भारी वाहनों की नियमित तकनीकी जांच और यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता है.



