भालू के हमले में 16 वर्षीय बालक घायल, ग्राम मसुरभावड़ा की घटना

0
278

गोंदिया. अपने पिता के साथ जंगल में महुआ फुल चुनने गए एक लड़के पर भालू ने पीछे से हमला कर दिया. जिसमें वह घायल हो गया. यह घटना 14 मार्च को सुबह करीब 8 बजे देवरी तहसील के जेठभावड़ा गुट ग्राम पंचायत के तहत मसुरभावड़ा में घटित हुई. घायल लड़के का नाम आयुष रवि शहारे (16) बताया गया है.
जानकारी के अनुसार, देवरी तहसील में महुआ फुल चुनने का सीजन शुरू हो गया है, और गांव के कई लोग महुआ फुल चुनने के लिए जंगल जाते हैं. उल्लेखनीय है कि, ग्राम मसुरभावड़ा निवासी रवि शहारे शनिवार को सुबह अपने बेटे आयुष के साथ महुआ फुल चुनने के लिए मसुरभावड़ा जंगल परिसर में गया था. इसी बीच आयुष पर पीछे से भालू ने हमला कर दिया. इस हमले में आयुष पूरी तरह घायल हो गया. उसके पिता ने डंडे का सहारा लेकर हिम्मत करके आयुष को भालू के चंगुल से छुड़ाया. भालू ने आयुष को कमर के नीचे दो जगह काटा. हालांकि, पिता के साथ होने की वजह से वह बच गया. उसे प्राथमिक उपचार के लिए देवरी के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है. भालू के हमले में लगी चोटें गंभीर होने की वजह से उसे गोंदिया भेजा गया. भालू के अचानक हुए हमले से परिसर के लोगों में डर का माहौल है. लोगों ने मांग की है कि वन विभाग घायल आयुष के परिवार को तुरंत आर्थिक मुआवजा दे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here