गोंदिया. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में सुरक्षित, संरक्षित व सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने 1 जून को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी से गोंदिया खंड तक विशेष विंडो ट्रेलिंग सुरक्षा निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने रेल पथ, सिग्नलिंग प्रणाली, ओएचई, समपार फाटक व अन्य महत्वपूर्ण रेल संरचनाओं का बारीकी से अवलोकन कर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की.
निरीक्षण यात्रा के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने विभिन्न स्टेशनों व रेल परिसंपत्तियों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से संरक्षा, अनुरक्षण व परिचालन व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षित व आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना चाहिए. गोंदिया पहुंचने पर गुप्ता ने मेमू/डेमू शेड का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेकों के रखरखाव, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, अनुरक्षण प्रक्रियाओं व कार्य दक्षता का मूल्यांकन किया. उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को उच्च गुणवत्ता के अनुरक्षण तथा सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए. इसके उपरांत गोंदिया स्टेशन का निरीक्षण करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, टिकटिंग सेवाओं, पेयजल, प्रतीक्षालय, सुरक्षा व्यवस्थाओं व स्टेशन विकास कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुझाव व दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीजल), वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (रोलिंग स्टॉक व जनरल), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (टीआरडी), वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (ऑपरेशन), वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त/रेल सुरक्षा बल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.
मंडल रेल प्रबंधक दीपककुमार गुप्ता ने किया गोंदिया रेलखंड का गहन निरीक्षण
RELATED ARTICLES






