मध्यप्रदेश से महराष्ट्र में अवैध शराब की तस्करी, 12 लाख का माल जब्त

0
55

गोंदिया. मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र में अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहे दो आरोपियों के खिलाफ स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए 12 लाख 98 हजार रु. का मुद्देमाल जब्त किया है. यह कार्रवाई रविवार को सालेकसा थाना क्षेत्र के टेंभूटोला-पिपरिया मार्ग पर की गई.
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में टीम सालेकसा थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान जानकारी मिली कि टेंभूटोला से पिपरिया मार्ग होते हुए चौपहिया वाहन में मध्यप्रदेश से बिना अनुमति शराब लाई जा रही है. जानकारी के आधार पर पुलिस ने मार्ग पर जाल बिछाकर सफेद रंग की चौपहिया वाहन को रोका. वाहन में सवार दो लोगों से पूछताछ कर तलाशी लेने पर कार की डिक्की में पांच बॉक्स में रॉयल स्टैग व्हिस्की की बोतलें मिलीं. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि टेंभूटोला स्थित एक घर में शराब और बीयर लांजी, मध्यप्रदेश के बाजार से खरीदी गई थी. मध्यप्रदेश के स्टिकर हटाकर उस पर फर्जी ‘महाराष्ट्र स्टेट ओन्ली’ स्टिकर लगाकर शराब को ब्रेजा कार से वर्धा ले जाने की तैयारी थी. पुलिस ने कार और घर से रॉयल स्टैग व्हिस्की तथा किंगफिशर बीयर के कुल 34 बॉक्स में 695 नग जिसकी कीमत 2 लाख 73 हजार 910 रु., 8 लाख रु. कीमत की कार, 50 हजार रु. कीमत का एप्पल कंपनी का आईफोन, नकली स्टिकर व अन्य सामग्री कीमत 77 हजार 70 रु. ऐसा कुल 12 लाख 98 हजार 980 रु. का माल जब्त किया गया. पुलिस ने वर्धा जिले के बोरगांव मेघे निवासी आरोपी संजय सदाशिव राऊत (51)व योगेश गोपाल पांडे के खिलाफ सालेकसा थाने में मामला दर्ज किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश तथा एलसीबी पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के नेतृत्व में हवलदार विठ्ठलप्रसाद ठाकरे, संजय चव्हाण, सोमेंद्रसिंग तुरकर, सुबोधकुमार बिसेन, इंद्रजित बिसेन व सिपाही हंसराज भांडारकर ने की.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here