“माय भारत” पंजीकरण अभियान में तेजी लाएं : जिलाधिकारी मंदार पत्की के निर्देश

0
19

गोंदिया. युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित “मेरा युवा भारत (माय भारत)” अभियान में जिले के अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सलाहकार समिति की बैठक जिलाधिकारी मंदार पत्की की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट, गोंदिया में आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला सलाहकार समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान मेरा युवा भारत, गोंदिया के उपसंचालक सौरभ निषाद ने “माय भारत” की वार्षिक कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले में युवाओं के कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न युवा-केंद्रित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। बैठक में “माय भारत” पोर्टल पर चल रहे पंजीकरण अभियान की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी मंदार पत्की ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान में अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों, महाविद्यालयों तथा ग्राम स्तर पर विशेष प्रयास कर युवाओं तक अभियान की जानकारी पहुंचाई जाए और उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि “माय भारत” युवाओं को अवसर, मार्गदर्शन और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध करा रहा है। इसलिए जिले के सभी पात्र युवाओं को बड़ी संख्या में इस अभियान से जुड़कर पंजीकरण कराना चाहिए, ताकि वे सरकार की विभिन्न युवा विकास योजनाओं और गतिविधियों का लाभ उठा सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here